गोरखपुर।स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 में गोरखपुर नगर निगम ने देशभर में चौथा और उत्तर प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि के लिए केंद्र सरकार ने गोरखपुर के महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव और नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल को सम्मानित किया। शनिवार को गोरखपुर लौटने पर महापौर व नगर आयुक्त का नागरिकों, पार्षदों और नगर निगम कर्मचारियों ने भव्य स्वागत किया।
प्रेस वार्ता के दौरान महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने कहा कि यह दिन गोरखपुर नगर निगम के इतिहास में स्वर्णाक्षरों में दर्ज किया जाएगा। उन्होंने गोरखपुर की जनता और सफाई कर्मियों को इस उपलब्धि के लिए धन्यवाद दिया। महापौर ने कहा कि शहरवासियों के सहयोग और कर्मचारियों की मेहनत से यह संभव हो सका है।
नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में गोरखपुर नगर निगम ने स्वच्छता के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया है। उन्होंने कहा कि यह सफलता सिर्फ निगम की नहीं, बल्कि पूरे गोरखपुर की है।
नगर आयुक्त ने बताया कि इस वर्ष नगर निगम को चार बड़ी उपलब्धियाँ प्राप्त हुई हैं स्वच्छ सर्वेक्षण में देश में चौथा स्थान उत्तर प्रदेश में पहला स्थान सफाई मित्र सुरक्षित शहर में तीसरा स्थान वॉटर प्लस सर्टिफिकेट उन्होंने कहा कि अगले वर्ष देश में पहला स्थान प्राप्त करने के लिए निगम और अधिक बेहतर कार्य करेगा।