गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ड्रीम प्रोजेक्ट उत्तर प्रदेश के पहले आयुष विश्वविद्यालय का लोकार्पण 1 जुलाई को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु करेंगी। गोरखपुर जिले के भटहट क्षेत्र के पिपरी में 52 एकड़ में बने इस विश्वविद्यालय की लागत 267.50 करोड़ रुपये है। राष्ट्रपति 30 जून से दो दिवसीय गोरखपुर दौरे पर रहेंगी। 30 जून को वे एम्स के पहले दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि होंगी, जबकि 1 जुलाई को आयुष विश्वविद्यालय का लोकार्पण करेंगी।
आयुष चिकित्सा पद्धतियों (आयुर्वेद, यूनानी, होम्योपैथी, योग, सिद्धा) को समर्पित यह संस्थान प्रदेश के करीब 100 आयुष कॉलेजों का संचालन करेगा। इसका शिलान्यास 28 अगस्त 2021 को तत्कालीन राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने किया था। अब लोकार्पण वर्तमान राष्ट्रपति के हाथों होने जा रहा है।
जिलाधिकारी और मंडलायुक्त ने निर्माण कार्य का निरीक्षण कर बताया कि कार्य 95% पूर्ण है। राष्ट्रपति के आगमन को लेकर सुरक्षा और अन्य तैयारियों की समीक्षा एडीजी जोन केएस प्रताप कुमार की अध्यक्षता में की गई।